मथुरा. राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव सोमवार को वृन्दावन में नजर आए। वे पिछले साल की तरह इस बार भी दिवाली पूजन के लिए यहां आए थे। भगवान कान्हा की भक्ति में डूबे तेज प्रताप ने सोमवार को गोवर्धन पूजा के दिन रमेश बाबा की चल रही 84 कोस यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भक्ति संगीत के बीच गोवर्धन पूजा की।
गोवर्धन पूजा के बाद दैनिक भास्कर ऐप प्लस से बातचीत करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि, वह पिछले 15-20 साल से ब्रज में आ रहे हैं। वह कृष्ण के सबसे बड़े भक्तों में से एक हैं। कहा कि इस मिट्टी में जो प्रेम है, वह बड़े नसीब वाले होते हैं जिनको मिलता है।
तेज प्रताप ने कहा कि, यहां जब खनन होता था तब हमने आंदोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था। पिताजी ने भी पार्लियामेंट में मुद्दा उठाया था ब्रज को बचाने का। तेज प्रताप इस दौरान राजनीतिक सवाल से बचते नजर आए। कहा कि, इस समय मैं धर्मकर्म में पूरी तरह रमा हुआ हूं। भगवान से कामना करता हूं, सभी सुरक्षित हों वह बचें। यमुना की स्थित पर कहा कि अगर जल्द यमुना शुद्ध नहीं हुई तो हम आंदोलन करेंगे।